Top News

घर से निकले बुजुर्ग का छह दिनों से पता नहीं, परिवार ने सही सूचना पर रखा इनाम

पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-03 स्थित बैरगाछी गांव के 62 वर्षीय शेख अलाउद्दीन पिछले छह दिनों से लापता हैं। 2 जुलाई की दोपहर घर से निकलने के बाद उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। परिजनों ने आम लोगों से मदद की अपील करते हुए सही सूचना देने वाले को उचित इनाम देने की घोषणा की है।
लापता बुजुर्ग के पुत्र मो. नाजिम ने बताया कि उनके पिता करीब एक माह पहले गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। बीमारी के कारण वे काफी कमजोर हो चुके थे। उन्हें बोलने और चलने-फिरने में भी कठिनाई होती थी तथा किसी तरह घर के आंगन और दरवाजे तक ही आ-जा पाते थे।
परिजनों के अनुसार, 2 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे शेख अलाउद्दीन घर से काझा चौक जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। परिवार ने बताया कि वे पूर्णिया जिले के बनमनखी, धमदाहा, बीकोठी, भवानीपुर, रुपौली, पूर्णिया शहर, कसबा, श्रीनगर और जलालगढ़ समेत कई स्थानों पर उनकी तलाश कर चुके हैं। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
परिजनों का कहना है कि शेख अलाउद्दीन की खराब सेहत को देखते हुए उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को शेख अलाउद्दीन कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत 9142876269, 6201134344 अथवा 9778496115 पर सूचना दें। सही और उपयोगी जानकारी देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम दिया जाएगा।
वहीं बैरगाछी गांव के ग्रामीण आलोक कुमार ने भी लोगों से मानवता के आधार पर आगे आकर लापता बुजुर्ग की तलाश में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार बेहद परेशान है और गांव के लोग भी शेख अलाउद्दीन के सकुशल घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और आम लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि लापता बुजुर्ग जल्द अपने परिवार तक सुरक्षित पहुंच सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post