Top News

सीओ पर अवैध वसूली और बंदोबस्ती में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार


किशनगंज। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भोपला गांव निवासी तालतकोरी मुर्मू, पति मंटू हेंब्रम सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी नवीन कुमार को आवेदन देकर बहादुरगंज अंचलाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने अवैध वसूली, बंदोबस्ती में अनियमितता, अभद्र व्यवहार तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

जिला पदाधिकारी को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि लाल कार्ड बंदोबस्ती योजना के तहत खाता संख्या 84, खेसरा संख्या 678 एवं 679 में कुल 1 एकड़ 21 डिसमिल भूमि का बंदोबस्त किया गया था। आरोप है कि बाद में जारी संशोधित परवाना में लाभार्थियों को निर्धारित रकबे से कम जमीन दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि उपजाऊ भूमि का हिस्सा कम कर शेष जमीन अन्य लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आवंटित कर दी गई।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन अंचलाधिकारी के प्रतिनिधियों ने मोहराना के नाम पर प्रत्येक सदस्य से 30-30 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि राशि लेने के बावजूद समय पर जमाबंदी नहीं की गई। जब लाभार्थियों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कार्रवाई की धमकी दी गई।

ग्रामीणों ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि मामले की शिकायत करने पर संबंधित अधिकारी ने अपशब्दों का प्रयोग किया तथा शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। इससे लाभार्थियों में भय और असंतोष का माहौल है।

पीड़ितों ने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा लाल कार्ड बंदोबस्ती की जमीन का सही अभिलेख तैयार कर लाभार्थियों को न्याय दिलाने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, बहादुरगंज अंचलाधिकारी का पक्ष भी प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post