Top News

अमृत भारत स्टेशन योजना के लिए चला बुलडोजर, काढ़ागोला में 35 से अधिक मकान ध्वस्त

बरारी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत काढ़ागोला रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का मार्ग प्रशस्त करने के लिए रेलवे प्रशासन ने शुक्रवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे की जमीन पर बने 35 से अधिक अवैध मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार अभियान पूरा होने तक करीब 45 मकानों को हटाकर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि काढ़ागोला रेलवे स्टेशन का चयन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुआ है। योजना के अंतर्गत स्टेशन परिसर में पार्किंग, व्यवस्थित दुकानों का निर्माण, यात्री सुविधाओं का विस्तार तथा स्टेशन को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। इन विकास कार्यों के लिए रेलवे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना आवश्यक था।

अधिकारियों के अनुसार प्रभावित लोगों को कई माह पहले नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी भूमि खाली नहीं होने पर प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान वर्षों से रेलवे भूमि पर रह रहे कई परिवारों के आशियाने उजड़ गए। कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस, आरपीएफ एवं महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

अभियान के दौरान बरारी के अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार, सोनपुर रेल मंडल के सहायक मंडल अभियंता के.के. मिश्रा, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अभिनाश कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर मुन्ना कुमार समेत रेलवे और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बाधा नहीं बनने दिया जाएगा तथा भविष्य में भी रेलवे भूमि पर नए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post