:
भरगामा थाना क्षेत्र के धनेश्वरी गांव के मेहता टोला में हुए संजय मेहता हत्याकांड को लेकर राजनीति तेज हो गई है। मृतक द्वारा मौत से पहले कथित रूप से हत्यारों के नाम बताए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और हरसंभव कानूनी मदद का भरोसा दिलाया। सांसद ने पुलिस से हत्या में शामिल सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की।
इस दौरान पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हत्या के दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर प्रिंस विक्टर, जयप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामीण मौजूद थे।
Post a Comment