Top News

चाकूबाजी में युवक की हत्या, 12 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला


आरएस थाना क्षेत्र के हड़ियाबाड़ा में युवक शमीउल्लाह की हत्या के मामले का अररिया पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एसडीपीओ सुशील कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि हड़ियाबाड़ा निवासी 25 वर्षीय शमीउल्लाह को शमशाद चौक के पास चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही आरएस थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल टीम से वैज्ञानिक जांच कराई। आरएस थाना कांड संख्या 149/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर हड़ियाबाड़ा निवासी 26 वर्षीय महमुद (पिता- आरिफ) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए गए। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2025 का एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है। कार्रवाई में आरएस थाना, अररिया थाना, बैरगाछी थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम शामिल रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post