पौआखाली नगर पंचायत के वार्ड संख्या 03 स्थित सिमलबाड़ी गांव में आठ वर्षीय बालक के बूढ़ी कनकई नदी में लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लापता बालक की पहचान मो. समीरुद्दीन के पुत्र के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान वह नदी में डूब गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार नदी किनारे बच्चे के कपड़े मिले हैं। शाम करीब चार बजे घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से तलाश अभियान शुरू कराया।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू द्वारा सूचना दिए जाने पर अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने बताया कि SDRF टीम को बुलाने के लिए जिला मुख्यालय को सूचना भेज दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद बूढ़ी कनकई नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा। घटना के बाद गांव में चिंता और गम का माहौल है, जबकि परिजन बच्चे के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Post a Comment