Top News

800 महिलाओं की कलश यात्रा से गूंजा नक्कीपुर, राम-जानकी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव ने जगाई आस्था की अलख

शोभायात्रा में शामिल जनप्रतिनिधि व नक्कीपुर के ग्रामीण।

कोढ़ा /सिटी हलचल न्यूज़/संवाददाता 

कटिहार : दक्षिण सिमरिया पंचायत के नक्कीपुर गांव में रविवार को उस समय पूरा माहौल भक्तिमय हो गया, जब श्री राम-जानकी मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत करीब 800 महिलाओं एवं बालिकाओं ने सिर पर कलश रखकर विशाल शोभायात्रा निकाली। भक्ति गीतों, वैदिक मंत्रोच्चार और "जय श्रीराम" के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। चार दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ इस भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।कलश यात्रा श्री राम-जानकी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बावनगंज दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः शोभायात्रा के रूप में मंदिर पहुंचे, जहां प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा और अनुशासित सहभागिता ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। पूरे गांव में धार्मिक उल्लास और आस्था का वातावरण देखने को मिला।कार्यक्रम में कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, जिला परिषद प्रतिनिधि सुमित सिंह, प्राणपुर विधायक निशा सिंह तथा कोलासी मंडल अध्यक्ष भोला झा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मंदिर समिति के अध्यक्ष अखिलेश सिंह उर्फ डबलू सिंह एवं हरिनारायण ठाकुर ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।अतिथियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन केवल आस्था का केंद्र नहीं होते, बल्कि समाज में एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने मंदिर समिति और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास की सराहना की।महोत्सव को सफल बनाने में कोलासी मंडल महामंत्री अरविंद कुमार महतो, उत्तम कुमार, राजाराम महतो, अमित कुमार सहित मंदिर समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंदिर समिति के अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि 24 जून को वैदिक विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। इसके बाद दो दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन, हवन, भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोलासी कैंप प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे। आगामी धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post