रौटा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 46 लीटर देशी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के महादेवा गांव निवासी 55 वर्षीय मो. साबिर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रौटा थाना के अपर थाना अध्यक्ष हरि प्रसाद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टोटो पर बड़ी मात्रा में देशी शराब लेकर रौटा थाना क्षेत्र से गुजर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मालोपाड़ा रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध टोटो को रोककर तलाशी ली, जिसमें 46 लीटर देशी शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Post a Comment