कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित टेंगरिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनों से सामान चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के चोरी के सामान बरामद किए हैं तथा मकान मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टेंगरिया निवासी अजय कुमार, झारखंड के साहेबगंज निवासी पप्पू पाल और पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी विजुन पाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बरामद सामान में करीब 1500 पैकेट तारा गुटखा, 400 पैकेट दिलवर गुटखा, 45 पीस एनसीसी ट्रैक सूट, तांबे के कबाड़ी तार से भरे चार बोरे, चार पहिया वाहन के चार सीट कवर तथा 50 वाटर टब शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मकान की दूसरी मंजिल का कमरा खोलने को कहा, लेकिन परिजनों ने चाबी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे की जांच की। कमरे से चोरी का सामान तो नहीं मिला, लेकिन बड़ी संख्या में स्मैक के रैपर और सलाई बरामद हुई। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वहां नशा करने वालों का जमावड़ा तो नहीं लगता था।
मालगाड़ियों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ियां रुकने के दौरान वे बोगियों का लॉक तोड़कर सामान चोरी करते थे। चोरी का माल टेंगरिया स्थित मकान में छिपाकर रखा जाता था और बाद में विभिन्न क्षेत्रों में बेच दिया जाता था।
जानकारी के अनुसार पुलिस किसी अन्य मामले की जांच के सिलसिले में टेंगरिया पहुंची थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक से पूछताछ की गई। युवक द्वारा अपना पता झारखंड बताए जाने पर पुलिस को संदेह हुआ। जब उससे मकान खोलने को कहा गया तो वह चाबी फेंककर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद मकान की तलाशी में चोरी का भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह कब से सक्रिय था और चोरी का सामान किन जिलों एवं राज्यों में खपाया जाता था।
कुरसेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि टेंगरिया स्थित एक मकान से विभिन्न प्रकार के चोरी के सामान बरामद किए गए हैं। मामले में मकान मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
Post a Comment