Top News

अवैध मिट्टी कटाई से मकान पर खतरे का आरोप, माइनिंग पदाधिकारी से कार्रवाई की मांग



कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के सोनापुर गांव निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद यूसुफ ने अपने घर से सटी जमीन पर कथित रूप से अवैध मिट्टी कटाई कराए जाने का आरोप लगाते हुए जिला माइनिंग पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि मोहम्मद सुल्तान, मोहम्मद जमाल, मोहम्मद बबलु और मोहम्मद हजरत अली द्वारा संबंधित प्लॉट से लगातार मिट्टी की खुदाई कराई जा रही है। आरोप है कि अत्यधिक गहराई तक की गई खुदाई से उनके पक्के मकान की नींव कमजोर हो गई है और घर के क्षतिग्रस्त होने या गिरने का खतरा बढ़ गया है। मोहम्मद यूसुफ ने यह भी आरोप लगाया है कि मोहम्मद हजरत अली ने जमीन रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर अग्रिम राशि ली थी, लेकिन बाद में मकान से सटी जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर मिट्टी बेच दी, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ।

आवेदन के अनुसार, 16 जून 2026 को मिट्टी कटाई का विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी, पुत्रवधू और पुत्र के साथ भी मारपीट की गई।

पीड़ित ने जिला माइनिंग पदाधिकारी से अवैध मिट्टी कटाई पर तत्काल रोक लगाने, मामले की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके परिवार और मकान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post