कुरसेला प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में अंचलाधिकारी अनुपम, कार्यक्रम पदाधिकारी मुकेश कुमार, बीपीएम धीरेंद्र कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मुकेश कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी पिंटू कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भूमि एवं राजस्व सुधार, ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, विद्युत, उद्योग, खाद्य आपूर्ति और बैंकिंग सहित कुल 36 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। शिविर में पहुंचे लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
अंचलाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार के ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ संकल्प के तहत आयोजित इस शिविर में तीन दिनों के दौरान कुल 192 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 108 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर लाभुकों को प्रमाण-पत्र और संबंधित सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन लेने के साथ स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। अधिकारियों ने बताया कि लंबित आवेदनों का भी जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
Post a Comment