मुरलीगंज शहर के हाट बाजार रोड में बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यक्ति के गले से सोने का चेन छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित वार्ड संख्या-8 निवासी दिलीप स्वर्णकार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि बुधवार रात गोलबाजार से लौटने के बाद वह अपने घर के बाहर बाइक खड़ी कर उसे अंदर कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर पहुंचे दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने का चेन छीन लिया और तेज गति से फरार हो गए।दिलीप स्वर्णकार ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। पीड़ित के अनुसार छीने गए सोने के चेन की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
घटना की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। लगातार बढ़ रही चेन छिनतई की घटनाओं ने बाजार क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment