Top News

सीएचसी में आशा कर्मियों का धरना, बकाया भुगतान व चयनमुक्ति रद्द करने की मांग


मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में गुरुवार को बिहार राज्य आशा एवं आशा फैसिलिटेटबर संघ के बैनर तले एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। धरना के बाद आशा कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को मांग पत्र सौंपा।
धरना के दौरान आशा कर्मियों ने लंबित प्रोत्साहन राशि एवं बकाया पारितोषिक राशि के भुगतान की मांग उठाई। आशा कार्यकर्ताओं का कहना था कि भुगतान में देरी के कारण वे आर्थिक संकट से गुजर रही हैं और कई परिवारों के सामने आजीविका की समस्या खड़ी हो गई है।
धरना में पांच आशा कार्यकर्ताओं को चयनमुक्त किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित आशा कर्मियों के कार्यों का उचित मूल्यांकन किए बिना तथा पक्ष रखने का अवसर दिए बिना केवल लो-परफॉर्मेंस के आधार पर चयनमुक्त कर दिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को वापस लेने की मांग की।
आशा कर्मियों ने सभी प्रकार की बकाया प्रोत्साहन एवं पारितोषिक राशि का अविलंब भुगतान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने को बाध्य होंगी।
धरना समाप्त होने के बाद आशा कार्यकर्ताओं के शिष्टमंडल ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी संजीव कुमार को मांग पत्र सौंपा। मौके पर दर्जनों आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर मौजूद रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post