बैसा प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कनकई एवं महानंदा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे नदी किनारे बसे गांवों के लोगों में भय का माहौल व्याप्त है। हर वर्ष बाढ़ और नदी कटाव की मार झेलने वाले सैकड़ों परिवारों के सामने एक बार फिर संकट गहराने लगा है।
कुछ दिन पूर्व नदियों का जलस्तर सामान्य से नीचे चला गया था, जिससे तटवर्ती इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण दोनों नदियों में फिर उफान आ गया है। जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की आशंका के साथ-साथ नदी कटाव भी तेज हो गया है।
पंचायत समिति सदस्य मो. वसी आजम ने बताया कि हरिया, काशीबाड़ी, बरडीहा, मंगलपुर, मठुआ टोली, पोखरिया, हिजली, मलहाना तथा चिल्हनी ईदगाह टोला सहित कई स्थानों पर भीषण कटाव जारी है। विशेष रूप से हिजली स्थित मठुआ टोली के समीप महानंदा नदी तेजी से कटाव कर रही है, जिससे गांव के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
मठुआ टोली निवासी मो. जहांगीर, मो. मंत्री, मो. सोयब और मो. नाजीम समेत करीब एक दर्जन परिवारों के घर नदी के मुहाने पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया तो कई घर किसी भी समय नदी में समा सकते हैं। कटाव के बढ़ते खतरे से प्रभावित परिवारों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
Post a Comment