बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच तस्कर शराब की तस्करी के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। किशनगंज जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके शरीर से सेलो टेप से बांधकर छिपाई गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गुप्त सूचना पर चलाए गए जांच अभियान में पश्चिम बंगाल से बिहार में प्रवेश कर रहे तीन संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कपड़ों के अंदर शरीर से टेप के सहारे शराब की बोतलें और पाउच बंधे मिले। पुलिस ने कुल 14.04 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर निवासी अर्पण साह, कटिहार निवासी सोनी लाल दास तथा पूर्णिया निवासी संजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि तस्कर सामान्य जांच से बचने के लिए शराब को शरीर से बांधकर ला रहे थे, लेकिन सघन जांच में उनकी चालाकी पकड़ी गई। पुलिस ने शराब जब्त कर तीनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Post a Comment