Top News

व्यवसायी वेणु गोपाल झा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, क्षेत्र में शोक


नगर पंचायत ठाकुरगंज के वार्ड संख्या 06 स्थित निटालबस्ती में मंगलवार सुबह एक व्यवसायी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय वेणु गोपाल झा के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, सोमवार रात वेणु गोपाल झा ने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया था। मंगलवार सुबह घर के पूजा कक्ष में उनका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल एवं वार्ड पार्षद दिलीप सिंह ने ठाकुरगंज थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी एवं अपर थानाध्यक्ष नवनीत कुमार नमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि वेणु गोपाल झा जैविक (ऑर्गेनिक) खाद के व्यवसाय से जुड़े थे और किसानों के बीच खाद की आपूर्ति का कार्य करते थे। हाल के महीनों में व्यवसाय में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण वे चिंतित रहते थे। पुलिस आर्थिक एवं पारिवारिक कारणों समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष मो. मकसूद आलम अशरफी ने बताया कि मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

स्थानीय लोगों ने वेणु गोपाल झा को मिलनसार, मेहनती और सरल स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। घटना के बाद निटालबस्ती सहित पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post