बहादुरगंज नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 09 में एक बंद घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे एक युवक को गृहस्वामी ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी चोरी का सामान लेकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 09 निवासी विशेश्वर प्रसाद साह सोमवार को अपने पूरे परिवार के साथ इलाज के लिए किशनगंज गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर उन्होंने घर का वेंटिलेटर टूटा हुआ पाया तथा घर के अंदर सामान बिखरा देखा। इसी दौरान घर के एक कोने में छिपे एक युवक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीपू कुमार बसाक (21 वर्ष), पिता स्व. रामु उर्फ ढोंगा लाल बसाक, निवासी बमभोला चौक, वार्ड 09 बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी तबरेज आलम के साथ वेंटिलेटर तोड़कर रस्सी के सहारे घर में घुसा था। दोनों चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे, तभी गृहस्वामी के घर पहुंचने की आहट सुनकर उसका साथी कुछ चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गया।
गृहस्वामी विशेश्वर प्रसाद साह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि चोरों ने उनके घर से एक जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने का लॉकेट, लगभग तीन से चार भरी सोने-चांदी के जेवरात तथा 7 से 10 हजार रुपये नकद की चोरी की है।
थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपू कुमार बसाक के पास से चोरी की रकम में से 2,200 रुपये नकद तथा सोने का एक जोड़ा कंगन बरामद किया गया है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी तबरेज आलम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
Post a Comment