Top News

नितिन गडकरी से मिले सांसद पप्पू यादव, कोसी-सीमांचल के लिए नए हाईवे कॉरिडोर की मांग



पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिहार के दियारा एवं कोसी-सीमांचल क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने दीघा-सोनपुर छह लेन पुल के समीप एप्रोच रोड रैम्प निर्माण तथा क्षेत्रीय सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए नए राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर के निर्माण की मांग रखी।

सांसद पप्पू यादव ने मंत्री को सौंपे गए स्मरण पत्र में ग्राम पंचायत नकटा दियारा नया टोला से पिलर संख्या-16 तक एप्रोच रोड रैम्प निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रैम्प के अभाव में दियारा क्षेत्र के हजारों लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं दैनिक आवागमन से जुड़ी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगी।

उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर दियारा विकास संघर्ष समिति एवं स्थानीय लोग लंबे समय से आंदोलनरत हैं। हाल ही में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर उन्होंने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया था कि उनकी मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उसी प्रतिबद्धता के तहत उन्होंने यह मुद्दा सीधे केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया। मुलाकात के दौरान सांसद ने कोसी-सीमांचल क्षेत्र के व्यापक सड़क विकास का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे और पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले नए राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर का प्रस्ताव सौंपते हुए कहा कि यह मार्ग प्रतापगंज, भीमपुर, छातापुर, जदिया, कुमारखंड, केवटगामा, चकमका और एनएच-107 होते हुए कसबा के आजाद चौक तक जाएगा।

सांसद ने कहा कि प्रस्तावित कॉरिडोर के निर्माण से सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया और पूर्णिया सहित पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे कृषि, व्यापार, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बल प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में इन जनहितकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता मिलेगी और क्षेत्र की जनता को जल्द ही इसका लाभ प्राप्त होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post