कुरसेला प्रखंड के जरलाही पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित समाधान किया तथा पात्र लाभुकों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
शिविर में एडीएम आपदा धनंजय कुमार, डीएसओ सुशील कुमार, बीडीओ कुमारी प्रियमवदा, सीओ अनुपम, ग्रामीण कार्य विभाग के एसडीओ जयप्रकाश राम, प्रशिक्षु डीएसपी अबदुर रहमान सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
पंचायत सहयोग शिविर में 36 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इनमें राजस्व एवं भूमि सुधार, ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, विद्युत, उद्योग, खाद्य आपूर्ति समेत अन्य विभाग शामिल थे। विभिन्न स्टॉलों पर लोगों से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कर उन्हें आवश्यक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
एडीएम आपदा धनंजय कुमार ने बताया कि बिहार सरकार की पहल ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत 19 मई 2026 से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जरलाही पंचायत में शिविर का आयोजन हुआ।
उन्होंने बताया कि 1 जून तक पंचायत से विभिन्न समस्याओं से संबंधित 81 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि शिविर के दौरान 4 नए आवेदन मिले। इस प्रकार कुल 85 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर संबंधित आवेदकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
उन्होंने जानकारी दी कि अगला पंचायत सहयोग शिविर 16 जून को उत्तरी मुरादपुर पंचायत भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दे सकेंगे।
Post a Comment