Top News

बिजली, सड़क और नेटवर्क की मांग पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू


दिघलबैंक। नागरिक एकता मंच के नेतृत्व में सोमवार से दिघलबैंक बाजार परिसर में तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू हो गई। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

मंच की प्रमुख मांगों में दिघलबैंक प्रखंड में पावर ग्रिड की स्थापना कर बिजली कटौती से स्थायी राहत दिलाना, जर्जर सड़कों का नवीनीकरण एवं बाजार की मुख्य सड़क की तत्काल मरम्मत कराना तथा मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था में सुधार कर क्षेत्र की कनेक्टिविटी समस्या दूर करना शामिल है।

अनशन का नेतृत्व कर रहे गणेश कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से बिजली, सड़क और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है। यदि प्रशासन ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

भूख हड़ताल में जागेश्वर गोस्वामी, हरिनंदन सिंह, अमित कुमार हरिजन, राहुल मंडल, रौनक सिंह, कुमार अभिषेक, सलाम, कलाम, राम प्रसाद दास, दीपक राम समेत दर्जनों लोग शामिल हुए। स्थानीय लोगों ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बिजली, सड़क और संचार व्यवस्था में सुधार जरूरी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post