Top News

रात में हमला, सुबह गड्ढे में मिला युवक; पुलिस ने बचाई जान


कोचाधामन थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। टिटिहा गांव के समीप सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। प्रथमदृष्टया आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने युवक को मृत समझकर पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया और फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, रात में गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर सबसे पहले घायल युवक पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए कोचाधामन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। वहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान हालत और बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर भेज दिया।

घायल की पहचान कोचाधामन थाना क्षेत्र के सोंथा दर्जी टोला निवासी 21 वर्षीय अकमल यजदानी के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अकमल के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां लंबे समय से बीमार रहती हैं। वह मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात तक उसे सोंथा हाट में देखा गया था, लेकिन रविवार अल सुबह वह सोंथा से कुछ दूरी पर टिटिहा गांव के पास गंभीर रूप से घायल मिला।

घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post