Top News

किशनगंज में 3 करोड़ की 1.5 किलो हेरोइन बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार; पूछताछ में जनप्रतिनिधि का नाम आया सामने





किशनगंज टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की 1.5 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह खेप पश्चिम बंगाल के मालदा से किशनगंज लाई जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर रामपुर चेकपोस्ट पर घेराबंदी की गई।

रविवार दोपहर पुलिस ने संदिग्ध बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान बस से उतरकर काले बैग के साथ अपने साथी को हेरोइन सौंपने पहुंचे दो तस्करों को मौके पर दबोच लिया गया। वहीं चेकपोस्ट पर पहले से इंतजार कर रहे उनके तीसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा इस्तमा टोला निवासी फिरोज अंसारी (22), उसके भाई अमजद अंसारी उर्फ गामा (28) तथा रहीस साह उर्फ सागर साह (23) के रूप में हुई है।

कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान अमजद अंसारी के बैग से 100-100 ग्राम के 15 पैकेटों में कुल 1.5 किलो हेरोइन बरामद हुई। फिरोज अंसारी के पास से 650 रुपये तथा रहीस साह के पास से 9,300 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

एसडीपीओ खुशरू सिराज ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे एक जनप्रतिनिधि और उसके सहयोगी के कहने पर मालदा से हेरोइन लेकर आ रहे थे। खेप सौंपने के बाद उन्हें तय राशि मिलने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ टाउन थाना में मामला दर्ज कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post