Top News

रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से सनसनी, टैटू के आधार पर शिनाख्त की कोशिश


जोगबनी-कटिहार रेलखंड पर रविवार सुबह पूर्णिया के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मटिया चौक के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे पोल संख्या केजे-19/5 के पास स्थानीय लोगों ने सुबह ट्रैक पर शव देखा और पुलिस को सूचना दी। आशंका है कि सुबह करीब सात बजे किसी ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हुआ। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था और मृतक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था।

घटना के कारण जोगबनी-कटिहार लोकल ट्रेन को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। बाद में गार्ड और स्थानीय लोगों की मदद से शव हटाए जाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।

सूचना पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक के हाथ पर बने टैटू के आधार पर पहचान का प्रयास कर रही है। आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post