बिहार के पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र के मखनाहा गांव से अंधविश्वास और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की कथित तौर पर "भूत उतारने" के नाम पर निर्मम हत्या कर दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जब मृतक की पत्नी अपने पति को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने कहा, "इसे भूत लगा है, वही उतार रहे हैं।" इसके बाद उसे लाठी-डंडे से पीटकर भगा दिया और बड़े भाई की जान ले ली।
मृतक की पहचान मखनाहा निवासी सुशील कुमार शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मुख्य आरोपी वकील शर्मा करीब 12 साल बाद पंजाब से घर लौटा था। आरोप है कि हत्या की वारदात में उसका साथ बोवा शर्मा ने भी दिया।
पत्नी की आंखों के सामने हुई वारदात
परिजनों का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पहले सुशील कुमार शर्मा को घर से बाहर निकालकर आंगन में हाथ-पैर रस्सी और कपड़े से कसकर बांध दिया। इसी दौरान उनकी पत्नी शोर सुनकर मौके पर पहुंची और पति को छुड़ाने की कोशिश की।
पत्नी के मुताबिक, आरोपियों ने उसे रोकते हुए कहा, "इसे भूत लगा है, वही उतार रहे हैं।" जब उसने पति के बंधन खोलने की कोशिश की तो दोनों ने लाठी-डंडे से मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया।
हथियारों की पूजा, फिर हमला
परिजनों का दावा है कि आरोपियों ने हत्या से पहले तलवार और चाकू की पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्हीं धारदार हथियारों से सुशील कुमार शर्मा पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
12 साल बाद घर आया, फिर बन गया कातिल
रिश्तेदारों के अनुसार, मुख्य आरोपी वकील शर्मा पिछले 12 वर्षों से पंजाब में रह रहा था। काफी खोजबीन के बाद करीब एक सप्ताह पहले ही मृतक उसे घर लेकर आया था। लेकिन घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद उसने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बनमनखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बनमनखी पुलिस निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सुशील कुमार शर्मा की हत्या उनके भाई द्वारा की गई है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। वहीं, परिजनों के "भूत उतारने" और हथियारों की पूजा संबंधी आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
Post a Comment