पूर्णिया जिले के कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र के झुन्नी भुटहा गांव में रविवार को एक दिव्यांग बुजुर्ग दंपती का शव उनके ही घर में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान भुल्लर ऋषि और उनकी पत्नी मुनिया देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताते हुए मृतक के बेटे और बहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्रामीणों को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक दंपती की बेटी ने आरोप लगाया कि उसके भाई मनोज ऋषि और उसकी पत्नी लंबे समय से माता-पिता को प्रताड़ित करते थे और उन्हीं दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
वहीं, मृतक के दूसरे बेटे संजय ऋषि और पड़ोसियों का भी कहना है कि मनोज ऋषि और उसकी पत्नी पिछले तीन-चार दिनों से माता-पिता के साथ लगातार झगड़ा कर रहे थे। संजय का आरोप है कि घटना से एक शाम पहले भी दोनों बुजुर्गों के साथ मारपीट की गई थी और अगली सुबह दोनों मृत पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही कृत्यानंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे, बहू और पोते को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Post a Comment