Top News

साइबर ठगी से बचाव के लिए महिलाओं को किया जागरूक, सीओ ने हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी


ग्रामीण कूटा द्वारा सामाजिक विकास कार्यक्रम के तहत शनिवार को कुरसेला स्थित मां अपराज भवन में साइबर फ्रॉड से बचाव एवं वित्तीय जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अंचल पदाधिकारी (सीओ) अनुपम कुमारी, डिविजनल मैनेजर विशाल कुमार सिंह, ब्रांच मैनेजर रोहित कुमार दास, चंदन कुमार एवं एरिया मैनेजर गोविंद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सीओ अनुपम कुमारी को बुके एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डिविजनल मैनेजर विशाल कुमार सिंह ने की। इस दौरान मैट्रिक परीक्षा में 82 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले चार मेधावी छात्र-छात्राओं—ओंसाक्षी कुमारी, रूपा कुमारी, कोमल कुमारी एवं शिवम कुमार राज—को 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। सीओ अनुपम कुमारी ने छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

डिविजनल मैनेजर विशाल कुमार सिंह ने महिलाओं को बेहतर क्रेडिट स्कोर बनाए रखने, आवश्यकता से अधिक ऋण नहीं लेने तथा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं जोनल मैनेजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण कूटा महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण एवं ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ छात्रवृत्ति, बाढ़ राहत, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराता है।

सीओ अनुपम कुमारी ने समय पर ऋण चुकाने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर पीड़ित को तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

कार्यक्रम में बिजनेस मैनेजर अमित कुमार, केंद्र प्रबंधक राजेश कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, नेहा कुमारी, दिलखुश कुमार, रोहित कुमार सहित ग्रामीण कूटा के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post