उत्तरी भंडारतल पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित बैजातरा स्थान में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के तहत रविवार को 51 महिलाओं ने भव्य कलश शोभायात्रा निकाली। श्रद्धालु महिलाएं काढ़ागोला गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर काली स्थान, भोला बाबा स्थान एवं कार्तिक स्थान होते हुए बैजातरा स्थान पहुंचीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
पूजन कार्यक्रम के बाद रात 9 बजे से 48 घंटे के अष्टयाम यज्ञ एवं अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया और देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
आयोजन स्थल पर 11 आकर्षक प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। इनमें पांच बहन बिशहरी, बूढ़ी मां, भगवान गणेश, राधा-कृष्ण एवं परी की प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। प्रतिमाओं की सुंदर सजावट और पूजा स्थल की भव्यता देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। पूजा समिति ने सभी ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Post a Comment