Top News

अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, सीमावर्ती इलाकों में बढ़ेगी पुलिस चौकसी

कोढ़ा में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर बुधवार को एसडीपीओ सदर-2 कार्यालय में अहम क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ रंजन कुमार सिंह ने की। इसमें सर्किल इंस्पेक्टर सहित अनुमंडल क्षेत्र के सातों थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

बैठक में अपराध की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। एसडीपीओ ने साफ निर्देश दिया कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज किया जाए तथा सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सीमावर्ती क्षेत्रों की संवेदनशीलता को देखते हुए वहां विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया। शराबबंदी कानून के प्रभावी पालन को लेकर अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
एसडीपीओ ने कहा कि थानों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान से किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी कार्रवाई संभव होगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की हिदायत दी।

बैठक के अंत में एसडीपीओ ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क, सक्रिय और जवाबदेह भूमिका निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post