कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के बिसनपुर पंचायत स्थित धूमगढ़ गांव में एक वृद्धा महिला अपनी ही पुश्तैनी जमीन बचाने के लिए प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर है। असहाय महिला ने अपने परिजनों पर जमीन हड़पने की साजिश, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए अंचलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता मसोमात चंपा देवी, पति स्वर्गीय साधुशरण साह ने अंचल कार्यालय में दिए आवेदन में बताया कि वह वर्षों से अपने पति के हिस्से की जमीन पर खेती-बाड़ी कर जीवन यापन कर रही हैं। यह जमीन पंचनामा के तहत उनके स्वर्गीय पति के हिस्से में आई थी और उस पर उनका वैध कब्जा कायम है।
चंपा देवी का आरोप है कि हाल के दिनों में उनके कुछ फरीक परिजन बेईमानी की नीयत से उक्त जमीन पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
उन्होंने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित जमीन से जुड़ा नामांतरण वाद संख्या 436/2026-27 वर्तमान में भूमि सुधार उप समाहर्ता, कटिहार के न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
वृद्धा महिला ने अंचलाधिकारी से मांग की है कि जब तक सक्षम न्यायालय का अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक नामांतरण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष हस्तक्षेप कर उनकी पुश्तैनी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
अब पूरे मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और पीड़ित महिला को कब तक न्याय मिल पाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Post a Comment