Top News

स्कूल में अनुशासन को लेकर विवाद, प्रधानाध्यापक ने दर्ज कराई शिकायत


बरारी प्रखंड के नया प्राथमिक विद्यालय बड़हरा धनकाहा में अनुशासन और विद्यालय संचालन को लेकर विवाद सामने आया है। विद्यालय के संचालक एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय भंडारतल के प्रधानाध्यापक अमित कुमार मौर्य ने बीआरसी में लिखित शिकायत देकर टोला सेवक और एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रधानाध्यापक का आरोप है कि टोला सेवक तुलसी रजक नियमित रूप से समय पर विद्यालय नहीं आते, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समय पर आने की बात कहने पर उन्हें एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई।

वहीं शिक्षिका पंखुड़ी कुमारी पर शिक्षण कार्य के दौरान मोबाइल फोन के अधिक उपयोग का आरोप लगाया गया है। प्रधानाध्यापक के अनुसार इस संबंध में अभिभावकों और छात्रों की भी शिकायतें मिली हैं। उनका कहना है कि पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह देने पर शिक्षिका ने भी नाराजगी जताई।

हालांकि, टोला सेवक और शिक्षिका दोनों ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post