पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र के बुढ़िया गोला के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक अनियंत्रित ट्रक ने यात्रियों से भरे टेंपो में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में के.नगर निवासी अशोक मिश्र के पुत्र प्रिंस कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वह कॉलेज में नामांकन कराने के लिए जा रहा था। वहीं दूसरी मृतका की पहचान बनमनखी प्रखंड के घोखरधारा निवासी कृष्णा कुमारी के रूप में हुई है, जो पेशे से नर्स थीं।
घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक और वाहन को ग्रामीणों ने पकड़ लिया तथा पुलिस के हवाले कर दिया। सरसी थाना पुलिस ने ट्रक और टेंपो को जब्त कर लिया है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें रेखा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Post a Comment