कुर्सेला प्रखंड क्षेत्र के बल्थी महेशपुर पंचायत में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार टपुआ धार से मकई का भुट्टा लादकर ट्रैक्टर लेकर आ रहे चालक मंटू सिंह (49 वर्ष) महेशपुर काली मंदिर के समीप सड़क पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क पार कर दूसरी ओर स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की सहायता से घंटों मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल मंटू सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्सेला पहुंचाया गया, जहां डॉ. मेराजुल स्माइल ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक मंटू सिंह कोयली सिमरा पूरब पंचायत के कोसकीपुर गांव, वार्ड संख्या 11 के निवासी थे। उनके पिता का नाम सुद्दी सिंह बताया गया है।
मृतक अपने पीछे पत्नी गीता देवी, चार पुत्र एवं तीन पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Post a Comment