बरहरा कोठी थाना क्षेत्र के ओरलाहा पंचायत अंतर्गत जयनगरा पंचवटी वार्ड संख्या 15 में गुरुवार की रात जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान मनोज मंडल (42) पिता स्व. तिलो मंडल, निवासी जयनगरा पंचवटी वार्ड संख्या 15 के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब दस वर्षों से विवादित जमीन को लेकर तनाव चल रहा था। गुरुवार रात करीब 10 बजे उक्त जमीन पर मकई सुखाने को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इसी दौरान मनोज मंडल पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना में मृतक का छोटा भाई विनोद मंडल (38) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पेट में चाकू लगने की बात कही जा रही है। उसे इलाज के लिए पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है, जिसका इलाज जीएमसीएच में चल रहा है।
मृतक के बड़े भाई उमेश मंडल ने जितेंद्र मंडल, जड्डू मंडल, छोटू मंडल एवं सुबोध मंडल पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी आपस में दियाद संबंधी हैं और जमीन विवाद को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
सूचना मिलते ही बरहरा कोठी थाना अध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Post a Comment