Top News

सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने चपेट में लिया, मौत



कुरसेला थाना क्षेत्र के मुरादपुर पंचायत के एसएच-77 स्थित डुमरिया चौक के समीप रविवार संध्या एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतका के परिवार में चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डूमर पंचायत वार्ड संख्या-05 निवासी वेदानंद मंडल की पत्नी चंदा देवी डुमरिया चौक के समीप एसएच-77 सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और अचेत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे पति सहित दो पुत्र एवं दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है और घर की अधिकांश जिम्मेदारी चंदा देवी ही संभालती थीं। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
ग्रामीणों ने बताया कि एसएच-77 पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने तथा वाहन चालकों पर सख्ती करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post