Top News

भरगामा में पशु तस्करी का भंडाफोड़, 41 मवेशी बरामदट्रक जब्त, खलासी गिरफ्तार, चालक फरार


भरगामा। भरगामा थाना पुलिस ने शनिवार रात वाहन जांच अभियान के दौरान पशु तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 41 मवेशियों से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से ट्रक के खलासी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे भरगामा बाजार से रानीगंज जाने वाले एनएच-327ई पर दिलीप बाबू पेट्रोल पंप के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे छह चक्का ईचर ट्रक संख्या BR50GA4054 को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक और खलासी ट्रक छोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गैरा थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय अनिल शर्मा के रूप में हुई है, जो ट्रक का खलासी बताया जा रहा है। वहीं चालक देवेंद्र यादव, निवासी सुपौल, मौके से फरार हो गया।

ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस ने अंदर 41 मवेशियों को बेहद क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंसकर बांधा हुआ पाया। मवेशियों को बिना चारा-पानी के एक-दूसरे के ऊपर लादकर रखा गया था। इस दौरान एक भैंस के बच्चे की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। बरामद पशुओं में भैंस और उनके बच्चे शामिल हैं।

पुलिस ने ट्रक समेत सभी मवेशियों को जब्त कर थाना परिसर पहुंचा दिया है। मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है, जबकि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post