Top News

अमन-चैन का संदेश लेकर निकला फ्लैग मार्च, बकरीद पर पुलिस की पैनी नजर



 साइबर डीएसपी ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
आगामी बकरीद पर्व को लेकर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बहादुरगंज थाना परिसर से सोमवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व साइबर डीएसपी रवीशंकर कुमार ने किया। इसमें बहादुरगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर अस्पताल चौक, मुख्य बाजार, झांसी रानी चौक, बम भोला चौक, कॉलेज चौक, एलआरपी चौक समेत थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने की अपील की।
साइबर डीएसपी रवीशंकर कुमार ने कहा कि किशनगंज जिला पूरे बिहार में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से इस परंपरा को कायम रखते हुए प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का आग्रह किया।
वहीं, बहादुरगंज थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने बताया कि जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, किशनगंज के संयुक्त निर्देश के आलोक में बकरीद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
फ्लैग मार्च में एसआई राम बाबू चौधरी, प्रमोद कुमार, मो. जिकरुल्लाह, सावित्री कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post