Top News

गंगा दशहरा को लेकर काढ़ागोला घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान , श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारी


गंगा दशहरा के पावन अवसर को लेकर काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र के स्वयंसेवकों द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को घाट परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया , ताकि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर घाट उपलब्ध हो सके ।
स्वयंसेवकों ने घाट की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया । बताया गया कि गंगा समग्र की ओर से माँ गंगा को स्वच्छ एवं अविरल बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न कार्यक्रम चलाए जाते हैं। इसके अंतर्गत साप्ताहिक स्वच्छता अभियान, मासिक गंगा आरती एवं हरिशंकरी वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं । गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ ने बताया कि गंगा दशहरा के दिन माँ गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था, इसलिए यह दिन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है । उन्होंने कहा कि काढ़ागोला घाट पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इस अवसर पर श्रद्धालु परंपरा अनुसार माँ गंगा को पाठा (बकरी) एवं आम अर्पित करते हैं । उन्होंने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर स्वच्छता अभियान के साथ-साथ गंगा आरती, खिचड़ी महाप्रसाद एवं हरिशंकरी वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा । वहीं जिला सहसंयोजक मनोज साह ने बताया कि गंगा समग्र के स्वयंसेवक प्रत्येक रविवार को स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाते आ रहे हैं और इस रविवार 384वां स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घाट पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
कार्यक्रम में आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता , घाट प्रमुख राजकुमार साह , संजू राय, राहुल राज , रूदल मंडल, फकीर पंडित, राहुल सिंह, बबलू सिंह सहित कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post