Top News

पूर्णिया में बच्चा चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर की पिटाई


पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

घटना कसबा थाना क्षेत्र की मोहनी पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित फूलबड़िया कॉलोनी गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी रखल मंडल ने बताया कि रविवार की रात उनका तीन वर्षीय पौता सूरज कुमार उनके साथ बरामदे में सोया हुआ था। देर रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को गोद में उठाकर भागने की कोशिश करने लगा।

इसी दौरान रखल मंडल की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और भाग रहे युवक को पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर बिजली के खंभे से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर कसबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए कसबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूर्णिया रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार अहले सुबह उसकी मौत हो गई।

फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post