Top News

मिल्लिया कान्वेंट इंग्लिश स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मातृ दिवस

मिल्लिया कान्वेंट इंग्लिश स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में छात्रों की माताओं के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें बच्चों और माताओं दोनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय के प्राचार्य युगल किशोर झा ने बताया कि मदर्स डे पूरे विश्व में हर वर्ष मई माह के दूसरे रविवार को मनाया जाता है। इस वर्ष यह अवसर 10 मई को पड़ा। उन्होंने कहा कि यह दिन मां के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और परिवार के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने के लिए समर्पित होता है।

कार्यक्रम के दौरान नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं कई माताओं ने भी मंच पर अपनी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का संचालन इशिका मिस और अदिति ने किया। आमंत्रित माताओं का स्वागत मोइत्रा मैम एवं कोमल मिस द्वारा किया गया। कार्यक्रम की तैयारी में मनीषा कुमारी, ईशिका मेहता और भावना कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम का संयोजन शालिनी कुमारी, मेघा दत्ता, प्रियंका कुमारी और भावना कुमारी ने किया।

मिल्लिया एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव-सह-निदेशक डॉ असद इमाम ने बताया कि मदर्स डे की शुरुआत अमेरिका की एना जार्विस ने अपनी मां की स्मृति में की थी। उन्होंने माताओं को सम्मान देने के लिए एक विशेष दिवस मनाने की पहल की थी।

ट्रस्ट के सहायक निदेशक आदिल इमाम ने कहा कि मां धरती पर ईश्वर का स्वरूप होती है और बच्चों को सही दिशा देने में उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि पहली बार मातृ दिवस 10 मई 1908 को अमेरिका के वेस्ट वर्जीनिया स्थित एक चर्च में मनाया गया था, जिसके बाद वर्ष 1914 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने इसे आधिकारिक राष्ट्रीय अवकाश के रूप में मान्यता दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post