मरंगा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की जान चली गई। ब्रजेश ऑटोमोबाइल के समीप हुए इस हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे साइकिल सवार को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान काढ़ागोला स्थित बुढ़िया बिंद टोली निवासी विवेक ऋषि के रूप में हुई है। वह मरंगा बालू डिपो में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हरदा की ओर से आ रहा ट्रक काफी तेज गति में था। आरोप है कि चालक ने वाहन को गलत दिशा में ले जाकर लापरवाहीपूर्वक चलाया। उसी दौरान साइकिल से घर लौट रहे विवेक ऋषि उसकी चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे में उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और ट्रक के पहिए के नीचे आने से उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मरंगा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Post a Comment