Top News

देसी कट्टा लहराकर वीडियो बनाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद दो युवक गिरफ्तार

पूर्णियां/सिटिहलचल न्यूज
पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के डिपोटी पुरन्दाहा गांव में सोशल मीडिया पर देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए धमदाहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक युवक का देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान शनिवार देर शाम पुलिस ने छापेमारी कर डिपोटी पुरन्दाहा निवासी राहुल कुमार (22) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में राहुल कुमार ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो उसी ने बनाया था और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही राजकिशोर पासवान (24) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब उसके घर की तलाशी ली तो एक बक्से में छिपाकर रखा गया देसी कट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post