Top News

गैस लेने निकले युवक को नशे में धुत बाइक सवार ने मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल



घर से साइकिल पर गैस सिलेंडर की जानकारी लेने निकले एक युवक को शराब के नशे में धुत बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना धमदाहा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, धमदाहा क्षेत्र के दियारा विशनपुर निवासी सुशील पाठक गैस गोदाम से सिलेंडर की जानकारी लेकर झोला के साथ अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे तीन युवकों सवार एक बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुशील पाठक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर और पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल धमदाहा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) पूर्णिया रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि बाइक चला रहा युवक शराब के नशे में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हिमांशु कुमार को गिरफ्तार कर थाना ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद इलाके में लोगों ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि नशे में वाहन चलाने की वजह से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे निर्दोष लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post