Top News

जमीन विवाद में भतीजे ने चाचा को मारी गोली, अस्पताल में हुई मौत; अररिया के बलवा गांव में सनसनी

:


अररिया जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसबारी पंचायत के बलवा वार्ड संख्या-4 में रविवार को जमीन विवाद को लेकर एक युवक ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान मो. परवेज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया।

मृतक के भाई मो. राहिल ने बताया कि वह अपने भाई मो. परवेज और जीजा के साथ घर के पास मक्का सुखा रहा था। इसी दौरान उसका भतीजा मो. साहिल वहां पहुंचा और सभी लोगों से सामान्य तरीके से बातचीत भी की। कुछ देर बाद मो. परवेज अपने घर के आंगन की ओर चले गए। उनके पीछे-पीछे मो. साहिल भी चला गया।

मो. राहिल के अनुसार, कुछ ही क्षण बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वह दौड़कर अंदर पहुंचे तो देखा कि उनका भाई परवेज जमीन पर खून से लथपथ गिरा पड़ा था, जबकि भतीजा मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल परवेज को आनन-फानन में सदर अस्पताल अररिया लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पारिवारिक जमीन विवाद में हुई इस हत्या से पूरे बलवा गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post