Top News

स्कूल भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग

भवानीपुर/बमबम कुमार
भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र के माधव नगर वार्ड संख्या 02 स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवानीपुर पूरब माधव नगर स्कूल में निर्माणाधीन पीसी लैब भवन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने भवन निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग एवं निर्माण मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया किस्म की ईंट, बालू एवं अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसे लेकर करीब 10 दिनों पूर्व स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए संबंधित विभाग से शिकायत भी की थी, लेकिन उस समय कोई विभागीय अधिकारी जांच के लिए मौके पर नहीं पहुंचे।

माधव नगर के समाजसेवी संजीव यादव, पूर्व वार्ड सदस्य प्रतिनिधि विनोद यादव, कुंदन कुमार यादव, नीरज कुमार, पवन यादव, मन्नू यादव, राजकुमार ठाकुर, चंद्रशेखर कुमार यादव एवं रूपेश कुमार रितेश समेत दर्जनों ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी निर्माण कार्य में प्राक्कलन बोर्ड लगाना अनिवार्य होता है, लेकिन 10 से 15 दिन बीत जाने के बावजूद निर्माण स्थल पर अब तक बोर्ड नहीं लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाया तो भवन निर्माण विभाग के जेई सौरभ कुमार ने उन्हें कानूनी पेंच में फंसाने की धमकी दी। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने निर्माणाधीन भवन की क्वालिटी कंट्रोल टीम से जांच कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते जांच नहीं हुई तो भविष्य में भवन की गुणवत्ता बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। 

वही भवानीपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गुलाप्शा परवीन से इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार लोगों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post