Top News

फार्मर रजिस्ट्री अभियान को लेकर प्रखंड कार्यालय में हुई बैठक

मधेपुरा। मुरलीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को फार्मर रजिस्ट्री अभियान को सफल बनाने को लेकर अधिकारियों एवं पीडीएस विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ गोपाल कृष्णन, सीओ किसलय कुमार तथा एमओ विशाल कुमार ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ गोपाल कृष्णन ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के किसानों को डिजिटल पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष अभियान चला रही है। इस अभियान के माध्यम से किसानों को डिजिटल फार्मर आईडी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कृषि विभाग एवं सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे, पारदर्शी और सुगम तरीके से किसानों तक पहुंच सकेगा। उन्होंने किसानों से 30 जून 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान में अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की। बीडीओ ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री भविष्य में किसानों के लिए सरकारी योजनाओं, अनुदान, सब्सिडी और अन्य सुविधाओं तक पहुंच को और आसान बनाएगी। बैठक में मौजूद पीडीएस विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक किसानों को पंजीकरण शिविर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनवितरण प्रणाली विक्रेता ग्रामीण स्तर पर सरकार और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनकी भूमिका इस अभियान में बेहद अहम है। अधिकारियों ने बताया कि किसान अपना रजिस्ट्रेशन कार्यपालक सहायकों, सीएससी वीएलई, राजस्व कर्मचारियों सहित संबंधित शिविरों के माध्यम से आसानी से करा सकते हैं। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान डीलर संघ के प्रखंड अध्यक्ष चन्द्रकिशोर यादव, महादेव प्रसाद भगत, भालचंद यादव, मंजेश दास, शशिधर सिंह, कन्हैया पोद्दार, परमानंद यादव, प्रमोद कुमार, अफरोज अहमद, बमशंकर कुमार, सज्जन देवी सहित प्रखंड क्षेत्र के अन्य पीडीएस विक्रेता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post