स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया जब एक महिला ने फुट ओवरब्रिज पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आरपीएफ जवानों की मदद से महिला की जान बचा ली। महिला की पहचान शहर के धरमगंज निवासी ज्योति कुमारी (24) पति सोमनाथ के रूप में की गई है। घटना के बाद महिला आरपीएफ कर्मियों ने काउंसलिंग के उपरांत उसे परिजनों के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद से तंग आकर ज्योति ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
बुधवार शाम वह अपनी एकमात्र संतान को साथ लेकर आत्महत्या करने की नियत से रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी। रेलवे कॉलोनी की तरफ स्थित फुट ओवरब्रिज पर वह कुछ देर तक बदहवास भटकती रही। फिर उसने ओवरब्रिज की रेलिंग से अपने दुपट्टे को कसकर बांध दिया और दूसरे सिरे में फंदा बनाकर अपने गले में डाल लिया। फिर उसने रेलिंग से छलांग लगा दी। जिससे फंदा धीरे-धीरे उसके गले में कहता चला गया। इसी बीच मौके पर उपस्थित लोगों की नजर उसके कुकृत्य पर पड़ गई। लोगों ने फौरन आरपीएफ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और महिला की जान बचाने में जुट गए। इस दौरान महिला की डरी सहमी बच्ची चुपचाप एक कोने में खड़ी थी। लोगों के द्वारा बचाव कार्य किये जाने के दौरान भी ज्योति उनसे छोड़ देने की गुहार लगाती रही। उसने कहा कि वह अपनी जिंदगी से तंग आ गई हैं। उसके समक्ष आत्महत्या करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है। लेकिन आरपीएफ कर्मियों और स्थानीय लोगों के द्वारा काफी समझाने के बाद धीरे-धीरे उसका गुस्सा शांत हो गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण महिला काफी तनावग्रस्त थी। उसने स्टेशन परिसर में आत्महत्या करने का प्रयास किया लेकिन जवानों ने उसे बचा लिया। महिला को काउंसलिंग उपरांत परिजनों के हवाले कर दिया गया है। परिजनों को भी कड़ी हिदायत दी गई है।
Post a Comment