Top News

राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर कोढ़ा पीएचसी में चला जागरूकता अभियान।

शनिवार को राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा लोगों को डेंगू बुखार के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया गया कि डेंगू एक खतरनाक वायरल बीमारी है, जो एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर प्रायः साफ एवं जमा पानी में पनपता है तथा दिन के समय अधिक काटता है।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने बताया कि घरों के आसपास पानी जमा रहने, टूटे बर्तनों, कूलर, टायर, गमलों एवं अन्य पात्रों में लंबे समय तक पानी रहने से डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का प्रजनन तेजी से होता है। ऐसे में लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की आवश्यकता है।

अभियान के दौरान डेंगू के प्रमुख लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया गया कि तेज बुखार, सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर एवं जोड़ों में दर्द, उल्टी, कमजोरी तथा त्वचा पर लाल चकत्ते डेंगू के सामान्य लक्षण हैं। गंभीर स्थिति में प्लेटलेट्स कम होने की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई।
स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को डेंगू से बचाव के लिए कई महत्वपूर्ण उपाय बताए। जिसमें घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देना, पानी की टंकियों को ढककर रखना, पूरी बांह के कपड़े पहनना, मच्छरदानी एवं मच्छररोधी क्रीम का उपयोग करना तथा सप्ताह में एक दिन “ड्राई डे” मनाकर घर के सभी पात्रों को खाली एवं साफ करना शामिल है।

इस अवसर पर उपस्थित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अमित आर्य व भीबीडीएस अमर नाथ सिंह समेत स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू से बचाव में जनसहभागिता सबसे जरूरी है। यदि सभी लोग मिलकर साफ-सफाई एवं जागरूकता पर ध्यान दें तो डेंगू जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post