Top News

शहरी बिजली बिल, लेकिन ग्रामीण फीडर से सप्लाई — गोरगामा में महापंचायत, आंदोलन की चेतावनी

नगर पंचायत कोढ़ा अंतर्गत गोरगामा वार्ड संख्या 7 एवं 8 के महादलित, आदिवासी एवं अति पिछड़ा समाज के लोगों ने वर्षों से चली आ रही बिजली समस्या को लेकर महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों से नगर पंचायत क्षेत्र होने के कारण वे शहरी दर पर बिजली बिल का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन आज तक गांव में ग्रामीण फीडर से ही बिजली आपूर्ति की जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आधे हिस्से को लगभग एक वर्ष पूर्व बाजार फीडर से जोड़ दिया गया, जबकि शेष आधा गांव अब भी ग्रामीण फीडर के भरोसे है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में 11 हजार केबल तार लगाने की आवश्यकता लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित कंपनी एवं विभागीय अधिकारियों से बार-बार मांग करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
महापंचायत में मौजूद लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो गेराबाड़ी मुख्य चौक पर सामूहिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस संबंध में नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता को जल्द ही ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए ग्रामीणों से एक सप्ताह का समय मांगा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ सामूहिक रूप से आंदोलन एवं धरना कार्यक्रम किया जाएगा।महापंचायत में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, समाज के प्रतिनिधि एवं वार्ड वासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post