बरारी थाना क्षेत्र के पुराना रेफरल अस्पताल चौक पर कथित रूप से चल रहे अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त पब्लिक पिटीशन थाना में सौंपकर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से चौक पर खुलेआम महुआ शराब की बिक्री की जा रही है, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। लोगों का कहना है कि नशाखोरी, गाली-गलौज और आए दिन होने वाले विवाद से स्थानीय परिवारों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में कई बार पुलिस द्वारा छापेमारी की गई, लेकिन इसके बावजूद अवैध धंधा पूरी तरह बंद नहीं हो सका। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें दो शराबियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अब भी चोरी-छिपे शराब की बिक्री जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी कार्रवाई की मांग करते हुए अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने की अपील की है। थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महुआ शराब के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बंद कराने को थाना में दिया आवेदन
Cityhalchal News
0
Post a Comment