दालखोला नगर पालिका में पिछले पांच महीने से चल रहे कानूनी और राजनीतिक गतिरोध का बुधवार को अंत हो गया। तनय डे (पिंकू) ने दालखोला नगर पालिका के नए चेयरमैन के रूप में शपथ ग्रहण किया। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जिला प्रशासन की पहल पर नगर पालिका कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी मजिस्ट्रेट एवं कार्यकारी अधिकारी बिमान चंद्र दास ने उन्हें शपथ दिलाई। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष 10 नवंबर को तत्कालीन चेयरमैन स्वदेश चंद्र सरकार के इस्तीफे के बाद 17 दिसंबर को तनय डे को नया चेयरमैन चुना गया था। हालांकि शपथ ग्रहण में देरी होने के कारण मामला अदालत तक पहुंच गया था। उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार बुधवार को शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी हुई।
शपथ ग्रहण के बाद चेयरमैन तनय डे एवं वाइस चेयरमैन हाजी फिरोज अहमद ने इस पूरे मामले के समाधान में स्थानीय विधायक बिराज विश्वास की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों के दौरान उन्हें राजनीतिक दबाव और धमकियों का भी सामना करना पड़ा।
वहीं विधायक बिराज विश्वास ने दालखोला के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। नए चेयरमैन तनय डे ने कहा कि नगर क्षेत्र में सड़क, नाला और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी तथा विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
Post a Comment